बलिया में दुकानदारों के लिए डस्टबिन अनिवार्य, नहीं रखने पर लगेगा जुर्माना

डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन जल्द शुरू कराने के निर्देश, डीएम ने कहा- बलिया को बनाएंगे कूड़ा और झोपड़ी मुक्त

बलिया: जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने गुरुवार को नगर के सभी वार्डों के सफाई नायकों के साथ बैठक कर शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और सफाई कर्मियों को अभियान चलाकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि बलिया को झोपड़ी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने पात्र लोगों को आवास योजनाओं का लाभ दिलाने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति आवास के अभाव में झोपड़ी में रहने को मजबूर न हो।

यह भी पढ़े - Ballia News : बलिया में 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला, युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

जल्द शुरू होगा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन

जिलाधिकारी ने नगर के सभी गली-मोहल्लों में नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था जल्द शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करने को कहा।

उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने और जहां लाइट नहीं है, वहां तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

दुकानदारों को डस्टबिन रखना होगा

डीएम ने सभी दुकानदारों के लिए दुकानों पर डस्टबिन रखना अनिवार्य करने के निर्देश दिए। दुकानदारों को दो से तीन दिन का समय देकर जागरूक किया जाएगा। इसके बाद नियम का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सफाई नायकों और अधिकारियों से बलिया को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एडीएम अनिल कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.