- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- कासगंज
- कासगंज में युवती की हत्या का खुलासा, प्रेमी समेत चार गिरफ्तार
कासगंज में युवती की हत्या का खुलासा, प्रेमी समेत चार गिरफ्तार
कासगंज: अशोक नगर इलाके में ट्यूबवेल की छत पर निर्वस्त्र अवस्था में मिले युवती के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या उसके प्रेमी समीर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर की थी। वारदात के पीछे रुपये और सोने-चांदी के जेवर हड़पने की साजिश बताई जा रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर समेत अमित, अरसद और अरसलान को गिरफ्तार किया है।
पहले दोस्ती, फिर हत्या की साजिश
एसपी ओपी सिंह के अनुसार, पूछताछ में समीर ने बताया कि मृतका की पिछले तीन-चार वर्षों से अरसद से दोस्ती थी। इसकी जानकारी होने के बाद समीर ने भी करीब दो-तीन महीने पहले युवती से दोस्ती कर ली थी। पुलिस के मुताबिक, समीर को पैसों की जरूरत थी और कुछ दिन पहले युवती ने उसे आठ हजार रुपये दिए थे।
आरोप है कि युवती ने समीर को बताया था कि उसके घर में कमेटी के रुपये और सोने-चांदी के जेवर उसकी मां के पास रखे हैं। समीर ने इन रुपयों और जेवरों को हड़पने के साथ युवती से पीछा छुड़ाने के लिए अपने दोस्तों अरसद, अमित और अरसलान के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
1.35 लाख रुपये और जेवर लेकर पहुंची युवती
पुलिस के अनुसार, समीर के कहने पर युवती घर से 1,35,100 रुपये और सोने-चांदी के जेवर लेकर उसके पास पहुंची। इसके बाद चारों आरोपी उसे फतेह सिंह के खेत के पास ले गए। वहां कथित तौर पर दुपट्टे से उसका गला दबाकर उसे बेहोश किया गया। इसके बाद समीर ने चाकू से उसकी गर्दन पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कपड़े और सामान जलाकर मिटाना चाहते थे साक्ष्य
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने युवती के कपड़े और हवाई चप्पलें उतार दीं। जिस बैग में वह रुपये और जेवर लेकर आई थी, उसे भी आरोपियों ने अपने कब्जे में ले लिया। मोबाइल फोन से सिम निकालने के बाद बैग, कपड़ों और चप्पलों को पुरानी रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में आग लगाकर फेंक दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर इन सामानों को बरामद कर लिया है। मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
