- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर 5 से 21 जून तक चलेगा जन कल्याण एवं जागरूकता अभियान
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर 5 से 21 जून तक चलेगा जन कल्याण एवं जागरूकता अभियान
बलिया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री ने की।
अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम से होगी। इसके तहत जनपद में 6 लाख 16 हजार पौधे लगाए जाएंगे। मंत्री ने निर्देश दिया कि अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, नदियों और नहरों के किनारों पर पौधारोपण किया जाए तथा स्थानीय और फलदार प्रजातियों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने को भी कहा।
कार्यक्रम के तहत 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान, 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम, 14 से 16 जून तक जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले, 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी तथा 18 से 19 जून तक प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित योग कार्यक्रमों के साथ होगा।
प्रभारी मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत तालाबों के चारों ओर पौधारोपण करने, गांवों की सड़कों और नदी किनारों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा सभी कार्यक्रमों को प्लास्टिक मुक्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मलिन बस्तियों में जन चौपाल आयोजित कर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए तथा ग्राम चौपालों में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शासनादेश के अनुरूप अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, स्वच्छता और कौशल विकास विभागों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपीं।
बैठक में परिवहन मंत्री , , भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, पूर्व विधायक उपेंद्र तिवारी, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, एडीएम अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
