- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में सिलेंडर फटने से चार झोपड़ियां जलीं, 28 अप्रैल को बेटी की शादी वाले परिवार पर संकट
बलिया में सिलेंडर फटने से चार झोपड़ियां जलीं, 28 अप्रैल को बेटी की शादी वाले परिवार पर संकट
बलिया। जिले के बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के केवटलिया चौबे (बलुआ) गांव में गैस सिलेंडर फटने से लगी आग में चार रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। हादसे में झोपड़ियों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन समेत पूरा घरेलू सामान नष्ट हो गया। इस घटना से उस परिवार पर बड़ा संकट आ गया है, जिसकी बेटी की शादी 28 अप्रैल को तय है।
आग की लपटों ने एक के बाद एक चार झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने बाल्टी और टुल्लू पंप के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। सूचना पर बांसडीह से पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि तब तक झोपड़ियों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो चुका था।
पीड़ित दहारी साहनी ने बताया कि उनकी बेटी संगीता साहनी की शादी 28 अप्रैल को तय है। शादी की तैयारियों के लिए जुटाया गया सामान भी आग में नष्ट हो गया, जिससे परिवार के सामने बेटी की शादी और रोजमर्रा के जीवन यापन दोनों की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वह इस मुश्किल समय से उबर सके।
