संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम सख्त, लापरवाही पर लेखपाल और कानूनगो के खिलाफ कार्रवाई

बलिया। सदर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद और वरासत से संबंधित सामने आईं।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

यह भी पढ़े - बलिया में दुकान पर हमला और तोड़फोड़ मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

जनसुनवाई के दौरान एक शिकायतकर्ता ने विकासखंड दुबहड़, थाना बांसडीह क्षेत्र के ग्राम शेरे में अवैध भूमि की नापी नहीं होने का मामला उठाया। शिकायत में बताया गया कि पहले ही लेखपाल और कानूनगो को नक्शे के आधार पर नापी कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसमें लापरवाही बरती गई।

इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित लेखपाल सत्येंद्र यादव और कानूनगो नंदन कुमार के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।

साथ ही चार लेखपालों, दो कानूनगो और बांसडीह थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि प्रशासन की मौजूदगी में नक्शे के आधार पर जमीन की नापी कराई जाए, ताकि विवाद का जल्द समाधान हो सके।

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 146 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि भूमि विवाद के मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करे।

इस अवसर पर एसडीएम सदर तिमराज सिंह, तहसीलदार अतुल हर्ष, अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर, सीएमओ समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.