- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- एमडीएम और छात्र नामांकन में अनियमितता पर प्रधानाचार्य समेत दो के खिलाफ मुकदमा
एमडीएम और छात्र नामांकन में अनियमितता पर प्रधानाचार्य समेत दो के खिलाफ मुकदमा
बलिया : बांसडीह शिक्षा क्षेत्र के ताजपुर मुड़ियारी इंटर कॉलेज में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना के संचालन और कक्षा छह से आठ तक विद्यार्थियों के नामांकन में कथित अनियमितताओं के मामले में पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली। मनियर थाने में 29 अगस्त को दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 318(4), 336 और 338 के तहत कार्रवाई की गई है।
जांच रिपोर्ट में सामने आईं अनियमितताएं
जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह की दो सदस्यीय समिति ने विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया था। जांच रिपोर्ट में कक्षा छह, सात और आठ के नियमित भौतिक संचालन को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। साथ ही एमडीएम योजना के संचालन और विद्यार्थियों के नामांकन से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की गई।
यह कार्रवाई मामले से संबंधित खबरों के लगातार प्रकाशन और जिला प्रशासन के निर्देश पर कराई गई जांच के बाद हुई है।
अनियमित भुगतान की होगी वसूली
मुख्य विकास अधिकारी के आदेश के क्रम में कथित अनियमित भुगतान की धनराशि की नियमानुसार वसूली और विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अब मामले में विभागीय जांच और पुलिस विवेचना, दोनों स्तरों पर कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
पुलिस यह भी जांच करेगी कि कथित अनियमित भुगतान में दोनों आरोपितों की व्यक्तिगत भूमिका क्या थी और सरकारी धन के भुगतान की प्रक्रिया में किस स्तर पर किसकी जिम्मेदारी बनती है। जांच के दौरान संबंधित दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जाएगा।
