बलिया: जानलेवा हमले के मामले में 10 लोगों पर मुकदमा, कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

बांसडीह, बलिया: पारिवारिक विवाद में जानलेवा हमले के मामले में न्यायालय के आदेश पर बांसडीह कोतवाली पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला कोतवाली क्षेत्र के राजपुर गांव का है। पीड़िता बबिता देवी ने एसीजेएम प्रथम के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी।

पीड़िता के अनुसार, 19 जुलाई को गांव के ही लल्लू राम साहनी, छोटक राम, स्नेहा, माधुरी, जान्ती देवी, प्रिंस, ज्योति, अन्नी देवी, अमित और डिल्लू कथित तौर पर एक राय होकर लाठी-डंडे, कुदाल और रॉड लेकर उनके दरवाजे पर पहुंच गए। आरोप है कि वहां काम कर रहे उनके पति पप्पू कुमार पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया गया।

यह भी पढ़े - UP IPS Transfer: IPS अधिकारियों के तबादले, ईरज राजा बने नए पुलिस अधीक्षक

बबिता देवी का आरोप है कि हमले में उनके पति गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। ग्रामीणों के जुटने पर हमलावर उन्हें मरा समझकर छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायल पप्पू कुमार को जिला अस्पताल बलिया ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया, जहां करीब एक सप्ताह तक उनका इलाज चला।

पीड़िता के मुताबिक, हमले में उनके पति का हाथ कट गया था। इसके अलावा कंधे और पीठ पर कई जगह गंभीर चोटें आईं तथा पसलियां भी टूट गईं।

बबिता देवी ने आरोप लगाया कि अस्पताल से लौटने के बाद जब वह बांसडीह कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने पहुंचीं तो पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उनका यह भी आरोप है कि इसके बजाय उनके पति के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।

इसके बाद पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 10 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.