फिरोजाबाद: पत्नी को प्रेमी के साथ देख भड़का पति, लाइसेंसी रिवाल्वर से दोनों पर की फायरिंग

फिरोजाबाद: थाना उत्तर क्षेत्र के कोटला चुंगी चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और उसके पुरुष मित्र पर लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पति रिषभ ने चौराहे पर अपनी पत्नी शिप्रा को उसके पुरुष मित्र के साथ देखा। इसके बाद उसने कथित तौर पर लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर दोनों पर गोलियां चला दीं। सरेआम हुई फायरिंग से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

गोली लगने से शिप्रा और उसका पुरुष मित्र घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने लोगों की मदद से आरोपी रिषभ को मौके से हिरासत में ले लिया। उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर भी जब्त कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फायरिंग के कारणों समेत घटना के अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.