बलिया: मड़ुआ के आटे की रोटी खाने से करीब 45 महिलाएं बीमार, डीएम ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

बलिया: बांसडीह तहसील क्षेत्र के चोकन और आसचौरा गांव में मड़ुआ के आटे से बनी रोटी खाने के बाद करीब 45 महिलाओं के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। बीमार महिलाओं को जिला चिकित्सालय समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया।

जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। गंभीर मरीजों के लिए विशेष चिकित्सकीय टीम भी लगाई गई है।

यह भी पढ़े - बलिया: मांझी पुल के पास बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली, दो नामजद

एक दुकान से खरीदा गया था मड़ुआ का आटा

डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने प्रभावित गांवों का दौरा कर घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने बीमार महिलाओं के परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

परिजनों के अनुसार, सोनू वर्मा की दुकान से मड़ुआ का आटा खरीदा गया था। इसी आटे से रोटी तैयार कर प्रसाद के रूप में ग्रहण करने के बाद महिलाओं की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि करीब 45 महिलाएं बीमार हुई हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर है। गंभीर मरीजों के उपचार के लिए विशेष चिकित्सकीय टीम लगाई गई है, जबकि तीन मरीजों का निजी अस्पताल में भी इलाज चल रहा है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुरू की जांच

जिलाधिकारी ने शारदा हॉस्पिटल पहुंचकर वहां भर्ती तीन मरीजों के उपचार की स्थिति का भी जायजा लिया और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

घटना के कारणों का पता लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग समेत संबंधित अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मड़ुआ के आटे और अन्य खाद्य सामग्री की जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन का कहना है कि जांच में यदि किसी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी मरीजों के उपचार को प्राथमिकता दी जा रही है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.