- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया: आरओ का पानी लेने निकला किशोर ट्रेन से छपरा पहुंचा, सुबह घर लौटा
बलिया: आरओ का पानी लेने निकला किशोर ट्रेन से छपरा पहुंचा, सुबह घर लौटा
बांसडीह, बलिया: बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के घौरौली गांव से गुरुवार को आरओ का पानी लेने बाजार निकला किशोर अचानक लापता हो गया। रेलवे क्रॉसिंग के पास उसकी साइकिल लावारिस हालत में मिलने से परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तलाश शुरू की, लेकिन शुक्रवार सुबह किशोर के खुद घर लौट आने पर सभी ने राहत की सांस ली।
किशोर के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। रेलवे क्रॉसिंग के पास साइकिल मिलने के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हालांकि, फुटेज में किशोर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दिया। पुलिस ने स्टेशन पर खड़ी सेनानी एक्सप्रेस और अन्य संभावित ठिकानों पर भी उसकी तलाश की।
थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह के अनुसार, शुक्रवार सुबह किशोर घर लौट आया। पूछताछ में उसने बताया कि छपरा पहुंचने पर उसका एक दोस्त दिल्ली जाने की तैयारी में था। वह भी दोस्त के साथ दिल्ली जाना चाहता था, लेकिन जेब में पैसे नहीं होने के कारण वापस लौट आया।
किशोर के सकुशल घर पहुंचने की सूचना पर परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली।
