- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: बच्चों के हाथ में रोटी-सब्जी देने की फोटो वायरल, BSA ने पूरे स्कूल स्टाफ और रसोइयों को
Ballia News: बच्चों के हाथ में रोटी-सब्जी देने की फोटो वायरल, BSA ने पूरे स्कूल स्टाफ और रसोइयों को किया तलब
बलिया। सरकारी स्कूल में मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) थाली में परोसने के बजाय बच्चों के हाथों में रोटी-सब्जी दिए जाने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। बीएसए मनीष कुमार सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विद्यालय के सभी शिक्षकों, शिक्षामित्र, अनुदेशकों और रसोइयों को स्पष्टीकरण के साथ तलब किया है।
बीएसए ने बताया कि वायरल तस्वीर 20 अप्रैल 2026 की है। जांच के दौरान अनुदेशिका निर्मला भारती के मोबाइल से डिलीट तस्वीरें रिस्टोर किए जाने पर मामले की जानकारी सामने आई। विभागीय जांच रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि अनुदेशिका ने प्रभारी प्रधानाध्यापिका को ब्लैकमेल करने की नीयत से बच्चों की भोजन लेने की जल्दबाजी का फायदा उठाकर तस्वीरें खींची थीं और विभाग को जानकारी दिए बिना उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कराया।
बीएसए ने पूरे प्रकरण में विद्यालय के अन्य कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि चारों रसोइयों ने बच्चों को पंक्तिबद्ध बैठाकर उचित तरीके से भोजन वितरित करने में लापरवाही बरती। वहीं प्रभारी प्रधानाध्यापिका किरन देवी, शिक्षकों, अनुदेशकों और शिक्षामित्र ने भी बच्चों की व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। इसे विभागीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही माना गया है।
बीएसए ने स्पष्ट किया कि आपसी रंजिश के चलते विद्यालय और विभाग की छवि खराब करने वाली गतिविधि स्वीकार्य नहीं है। प्रकरण में सभी संबंधित कर्मचारियों से उनका पक्ष मांगा गया है।
विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइयों को अपने-अपने स्पष्टीकरण के साथ 1 अगस्त 2026 को अपराह्न 3:30 बजे बीएसए कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। प्रभारी प्रधानाध्यापिका को स्पष्टीकरण के साथ एमडीएम पंजिका भी प्रस्तुत करनी होगी। निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
