- Hindi News
- मनोरंजन
- फ्रेंडशिप डे: सोनी सब के कलाकारों ने साझा किए दोस्ती के खास किस्से
फ्रेंडशिप डे: सोनी सब के कलाकारों ने साझा किए दोस्ती के खास किस्से
मुंबई। फ्रेंडशिप डे के अवसर पर सोनी सब के कलाकारों ने उन दोस्तों और करीबी लोगों को याद किया, जिन्होंने जीवन और करियर के हर पड़ाव पर उनका साथ दिया। कलाकारों ने बताया कि सच्ची दोस्ती मुश्किल समय में हौसला देती है और सफलता के सफर में सबसे बड़ा संबल बनती है।
'हस्तिनापुर के वीर' में भीष्म पितामह की भूमिका निभा रहे मनीष वाधवा ने अपनी मां और बचपन के दोस्त अजय को अपना सबसे बड़ा साथी बताया। उन्होंने कहा कि दोनों ने उन्हें भरोसा, ईमानदारी और रिश्तों की अहमियत सिखाई।
'पुष्पा इम्पॉसिबल' में शनाया का किरदार निभा रहीं मुस्कान बामने ने कहा कि मनोरंजन जगत के शुरुआती संघर्ष के दिनों में उनके चाचा ने हर ऑडिशन से पहले उनका उत्साह बढ़ाया और कठिन समय में उनका मनोबल बनाए रखा।
'हस्तिनापुर के वीर' में शकुनि की भूमिका निभा रहे चंदन आनंद ने कहा कि उनके माता-पिता ही उनके सबसे अच्छे दोस्त और सबसे बड़े समर्थक हैं। उन्होंने हमेशा उनके सपनों पर भरोसा किया और हर कदम पर साथ दिया।
वहीं, 'यादें' में डॉ. सृष्टि अग्रवाल का किरदार निभा रहीं गुलकी जोशी ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानती हैं कि उनके दोस्त और परिवार हमेशा उनके साथ खड़े रहे। उनके अनुसार, यही साथ उन्हें हर चुनौती का सामना करने का आत्मविश्वास देता है।
सोनी सब ने फ्रेंडशिप डे के मौके पर दर्शकों से अपील की कि वे अपने जीवन के उन दोस्तों और शुभचिंतकों का सम्मान करें, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका साथ निभाया।
