Ballia News: कोर्ट के आदेश पर पिता-पुत्र के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर पर नोटिस चस्पा कर कराई मुनादी

बलिया। धोखाधड़ी के एक मामले में फरार चल रहे पिता-पुत्र के खिलाफ बांसडीह कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की। एसीजेएम प्रथम बलिया की अदालत के आदेश पर पुलिस ने धारा 82 सीआरपीसी के तहत उद्घोषणा करते हुए आरोपियों के घर नोटिस चस्पा किया और गांव में मुनादी कराई।

पुलिस के मुताबिक बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के रूकनपुरा गांव निवासी ओजागीर यादव और उनके पिता छोटेलाल यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात से जुड़ा मामला दर्ज है। इन पर थाना बांसडीह में धारा 420 और 406 आईपीसी के तहत मुकदमा चल रहा है।

यह भी पढ़े - Ballia News : मजदूर की बेटी चांदनी ने हाईस्कूल में 95.33% अंक लाकर बढ़ाया मान, साइकिल देकर किया सम्मानित

अदालत ने पहले इन दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था, लेकिन पेश न होने पर अब धारा 82 के तहत उद्घोषणा कर दी गई है।

गांव में डुगडुगी, दी गई चेतावनी

शुक्रवार को उप निरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह ने पुलिस टीम के साथ आरोपियों के घर नोटिस चस्पा किया। इसके बाद पूरे गांव में ढोल-नगाड़े (डुगडुगी) के साथ मुनादी कराई गई। पुलिस ने लोगों को जानकारी दी कि यदि आरोपी तय समय सीमा में कोर्ट में पेश नहीं होते, तो उनकी चल-अचल संपत्ति जब्त कर ली जाएगी।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। इस दौरान थाना बांसडीह के अन्य पुलिसकर्मी और होमगार्ड भी मौके पर मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.