Ballia News : आयुष्मान कार्ड निर्माण में धीमी प्रगति पर डीएम सख्त, लापरवाही पर नोटिस के निर्देश

बलिया : जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान लक्ष्य के मुकाबले बेहद धीमी प्रगति सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। जनपद में आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य 16,08,974 निर्धारित है, जबकि 25 नवंबर 2025 से 15 अप्रैल 2026 तक केवल 83,551 कार्ड ही बनाए जा सके हैं।

यह भी पढ़े - बलिया : शिक्षकों ने दिवंगत रसोईया के पति को दी 25 हजार की आर्थिक सहायता

इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित एएनएम और सीएचओ की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन एएनएम—खुशबू, नीतू राय, सावित्री राय और पूनम राय—द्वारा एक भी कार्ड नहीं बनाया गया, उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को तत्काल शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

हालांकि बैठक में यह भी बताया गया कि आयुष्मान कार्ड निर्माण में बलिया जनपद प्रदेश में छठे स्थान पर है, लेकिन इसके बावजूद जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएचओ सम्मानित

बैठक के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें मनियर की प्रिया सिंह (384 कार्ड), मुरली छपरा के मो. आसिम (376), रसड़ा की बबली (374), शशिकांत तिवारी (356), रेवती की पूर्णिमा सिंह (351), बैरिया की ज्योति खरवार (320), सोहांव के सूरज कांत सिंह (307), मनियर के सत्येंद्र वर्मा (304), प्रीति कनौजिया (302) और रेवती के अभिषेक (300) शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने सम्मानित कर्मियों की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों से उनसे प्रेरणा लेने की अपील की और कहा कि आयुष्मान योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी आनंद कुमार, एसीएमओ पद्मावती गौतम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.