Ballia News: ससुराल पहुंचे पति ने पत्नी पर चाकू से किया हमला, गंभीर रूप से घायल

बलिया: भीमपुरा थाना क्षेत्र के सिउरा गोपालपुर गांव में मंगलवार सुबह एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंची उसकी मां ने बीच-बचाव कर बेटी को बचाया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में लेकर भीमपुरा थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

सिउरा गोपालपुर निवासी गिरधारी चौहान ने अपनी पुत्री कविता चौहान की शादी वर्ष 2023 में सुखपुरा थाना क्षेत्र के केशरीपुर निवासी भीमल चौहान के पुत्र संदीप चौहान के साथ की थी। स्वजन का आरोप है कि शादी के बाद से ही संदीप पत्नी के साथ मारपीट करता था।

यह भी पढ़े - बलिया: अलग-अलग घटनाओं में सर्पदंश से वृद्ध महिला और 10 वर्षीय बालक की मौत

विवाद के बाद मायके आ गई थी पत्नी

बताया जा रहा है कि रविवार को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद कविता अपने मायके सिउरा गोपालपुर आ गई थी। सोमवार को उसका पति संदीप भी ससुराल पहुंच गया।

मंगलवार सुबह संदीप ने कविता से उसके साथ घर चलने के लिए कहा, लेकिन उसने जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद संदीप वहां से बाहर चला गया। कुछ देर बाद वह दोबारा वापस आया।

विवाद के दौरान चाकू से हमले का आरोप

आरोप है कि वापस लौटने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हो गया। इसी दौरान संदीप ने कथित तौर पर चाकू से कविता पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

बेटी की चीख सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंचीं और किसी तरह बीच-बचाव कर उसे बचाया। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित पति को पकड़कर भीमपुरा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.