Shravasti News: नवोदय विद्यालय में खाने में कीड़े मिलने का आरोप, छात्रों ने शुरू की भूख हड़ताल; हॉस्टल की छत पर प्रदर्शन

सिरसिया (श्रावस्ती)। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय भिनगा में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों का आक्रोश सामने आया है। खाने में कीड़े मिलने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने सोमवार शाम से भूख हड़ताल शुरू कर दी। स्कूल प्रशासन ने छात्रों को समझाकर भोजन कराने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। मंगलवार को भी छात्रों का विरोध जारी रहा।

छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से गुणवत्ताविहीन भोजन परोसा जा रहा है। रविवार रात दिए गए भोजन के चावल में कथित तौर पर कीड़े मिले थे। छात्रों का कहना है कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

शिकायतों के बाद भी सुधार नहीं होने का आरोप

छात्रों के मुताबिक, लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने सोमवार देर शाम विरोध शुरू कर दिया। छात्रों ने हॉस्टल के नीचे के दरवाजों पर ताला लगा दिया और इसके बाद छत पर पहुंच गए।

हॉस्टल की छत पर छात्रों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भोजन की गुणवत्ता और विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठाई।

दूसरे दिन भी जारी रहा विरोध

स्कूल प्रशासन की ओर से छात्रों को समझाने और भोजन कराने के प्रयास किए गए, लेकिन छात्र अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। मंगलवार को विरोध के दूसरे दिन भी छात्र हॉस्टल की छत पर डटे रहे।

छात्रों का कहना है कि भोजन की गुणवत्ता और संबंधित व्यवस्थाओं में सुधार होने तक उनका विरोध जारी रहेगा। फिलहाल स्कूल प्रशासन की ओर से छात्रों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.