Azamgarh News: बिजली के पोल से टकराया डीजल टैंकर, धमाके के बाद लगी भीषण आग; तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर से डीजल लेकर बिलरियागंज थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप जा रहा टैंकर जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टैंकर के बिजली के पोल से टकराते ही तेज धमाका हुआ और भीषण आग लग गई। हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि टैंकर के बिजली के पोल से टकराने के बाद उस पर लगा ट्रांसफार्मर भी नीचे गिर गया। इसके तुरंत बाद तेज धमाका हुआ और आग ने डीजल से भरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में आग की लपटें इतनी विकराल हो गईं कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी टैंकर के पास नहीं पहुंच सके।

छह दमकल गाड़ियों ने कई घंटे बाद बुझाई आग

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए छह दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

तब तक टैंकर पूरी तरह जल चुका था। हादसे में टैंकर में मौजूद तीन लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में 26 वर्षीय प्रदीप कुमार की पहचान

मृतकों में एक की पहचान मेहनगर थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी 26 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। प्रदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले दो अन्य लोगों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

आग बुझाए जाने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है। टैंकर किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराया, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस मृतकों की पहचान के साथ हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.