- Hindi News
- मनोरंजन
- ‘यादें’ ने पूरे किए 100 एपिसोड, इक़बाल खान बोले- कास्ट और क्रू अब परिवार जैसे, स्क्रीन पर भी दिखता ह...
‘यादें’ ने पूरे किए 100 एपिसोड, इक़बाल खान बोले- कास्ट और क्रू अब परिवार जैसे, स्क्रीन पर भी दिखता है अपनापन
मुंबई, अगस्त 2026: सोनी सब के शो ‘यादें’ ने अपने सफर में एक खास उपलब्धि हासिल करते हुए 100 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। हास्य, भावनाओं, रोजमर्रा के रिश्तों और दिलचस्प मेडिकल केसों के मिश्रण के साथ शो ने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। शो में इक़बाल खान डॉ. देव मेहता और गुलकी जोशी डॉ. सृष्टि अग्रवाल की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
100 एपिसोड में परिवार जैसा बना रिश्ता
शो की शूटिंग के दौरान कलाकारों और क्रू के बीच भी गहरा रिश्ता बना है। साथ बैठकर खाना खाने से लेकर शॉट्स के बीच हंसी-मजाक और लंबे शूटिंग शेड्यूल में एक-दूसरे का साथ देने तक, कलाकारों के लिए यह सफर कई यादगार पलों से भरा रहा है।
100 एपिसोड पूरे होने पर खुशी जाहिर करते हुए इक़बाल खान ने कहा, “100 एपिसोड्स का मुकाम हासिल करना बेहद खास है। जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं, तो सिर्फ एक पसंदीदा याद चुनना मुश्किल है, क्योंकि हर दिन सेट पर हमें कुछ नया और यादगार मिला।”
उन्होंने आगे कहा, “इन महीनों में हमने एक शानदार रिश्ता बनाया है। चाहे साथ बैठकर खाना खाना हो, शॉट्स के बीच मजाक करना हो या लंबे शूटिंग दिनों में एक-दूसरे की कंपनी का आनंद लेना हो। पूरी कास्ट और क्रू 100 एपिसोड्स के दौरान परिवार जैसे बन गए हैं और मुझे सच में लगता है कि वह अपनापन स्क्रीन पर भी दिखाई देता है।”
इक़बाल ने दर्शकों से मिले प्यार के लिए आभार जताते हुए उम्मीद जाहिर की कि वे आने वाले एपिसोड्स में भी शो की यात्रा का हिस्सा बने रहेंगे।
गुलकी जोशी बोलीं- 100 खूबसूरत यादों का जश्न
डॉ. सृष्टि अग्रवाल की भूमिका निभा रहीं गुलकी जोशी ने भी इस उपलब्धि को बेहद खास बताया।
गुलकी ने कहा, “100 एपिसोड्स का जश्न मनाना 100 खूबसूरत यादों का जश्न मनाने जैसा है। ‘यादें’ के सेट पर हर दिन सीखने, हंसी और दिल छू लेने वाले पलों से भरा रहा है। डॉ. सृष्टि की कहानी को जीवंत करना और उसका डॉ. देव के साथ रिश्ता दिखाना बेहद संतोषजनक रहा है।”
उन्होंने इक़बाल खान और अर्जुन पुंज के साथ काम करने के अनुभव को भी शानदार बताया। गुलकी के मुताबिक, कलाकारों के बीच ऑफ-स्क्रीन मौजूद अपनापन और दोस्ती पर्दे पर भी साफ नजर आती है।
डॉ. सृष्टि की साड़ियां भी गुलकी के लिए बनीं खास
गुलकी जोशी ने बताया कि शो के दौरान उनकी पसंदीदा चीजों में डॉ. सृष्टि के लुक में तैयार होना भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि हर दिन डॉ. सृष्टि की खूबसूरत साड़ियों में तैयार होकर उसके किरदार का हिस्सा बनना उनके लिए खास अनुभव रहा है। साथ ही उन्होंने दर्शकों का आभार जताया, जिन्होंने ‘यादें’ को इतना प्यार दिया और इसे अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया।
‘यादें’ सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सिर्फ सोनी सब पर प्रसारित होता है।
