Ballia News: पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्ष भिड़े, कई घायल; सात के खिलाफ मुकदमा

बांसडीह, बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के खरौनी गांव में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहले पक्ष के राजनरायन चौरसिया का आरोप है कि वह पुलिस के निर्देश पर अपने पैतृक मकान की पैमाइश करा रहे थे। इसी दौरान उपेन्द्र, उदय भान, वीर भान और रीता देवी मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

यह भी पढ़े - बांसडीह में दरवाजे पर कीचड़ को लेकर विवाद, महिला और सास की पिटाई; चार के खिलाफ केस

राजनरायन के मुताबिक, उन्हें बचाने पहुंचीं उनकी पत्नी मनोरमा देवी और बहू नीलम को भी चोटें आईं। राजनरायन के सिर और हाथ में गंभीर चोटें लगने की बात कही गई है। उनकी शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों को नामजद किया है।

वहीं, दूसरे पक्ष के उपेन्द्र चौरसिया ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि जमीन के बंटवारे को लेकर पुराने विवाद के चलते राजनरायन चौरसिया, विवेकानन्द चौरसिया, कनक चौरसिया और नीलम देवी ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट में उनके दाहिने हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आरोप है कि शोर सुनकर ग्रामीणों के जुटने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।

प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.