Ballia News: CHC सोनबरसा प्रकरण पर डीएम सख्त, CMO को दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश – स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सभी चिकित्सकों को किया अलर्ट

बलिया: जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने 100 शैय्यायुक्त संयुक्त चिकित्सालय, सोनबरसा से जुड़े प्रकरण पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की और मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि दोषियों की स्पष्ट जिम्मेदारी तय करते हुए केवल स्थानांतरण ही नहीं, बल्कि कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए कठोर अनुशासनात्मक व्यवस्था अपनाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पर चिकित्सक व स्टाफ समय से उपस्थित रहें और पूरी निष्ठा से मरीजों को चिकित्सा सुविधा प्रदान करें।

यह भी पढ़े - बलिया : नारी शक्ति वंदन विधेयक को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, विपक्ष पर साधा निशाना

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी नियमित रूप से एएनएम, आशा कार्यकर्ता आदि के साथ बैठक कर जरूरी कदम उठाएं। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और इन्हें जनपद स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से ऑनलाइन जोड़ा जाए।

जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि लाभार्थियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए और कोई भी भुगतान लंबित न रहे। आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की धीमी प्रगति पर भी उन्होंने नाराज़गी जताई और निर्देश दिया कि हर ग्राम पंचायत में प्रतिदिन कम से कम दो आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जाएं।

टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा में सोहाव, चिलकहर और बलिया सदर CHC में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर संबंधित प्रभारी चिकित्साधिकारियों को सुधार लाने के निर्देश दिए।

इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव वर्मन, डीपीएम राजशेखर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.