पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

बलिया। 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विकास भवन सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय रहते परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़े - Ballia News: खेत की झोपड़ी में सो रहे पूर्व प्रधान की धारदार हथियार से हत्या, गांव में सनसनी

जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच कराने तथा रिकॉर्डिंग व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी परीक्षा कक्षों में पंखों और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

भीषण गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था, शौचालयों की साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास एंबुलेंस और चिकित्सकीय टीम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट की दुकानें, साइबर कैफे और अन्य संदिग्ध गतिविधियों वाले प्रतिष्ठान बंद रखे जाएं, जिससे परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनी रहे।

उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी हुई है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, एडीएम अनिल कुमार सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.