Baghpat News: छुट्टी पर आए सिपाही की गोली मारकर हत्या, आरोपी शिक्षक फरार, व्हाट्सएप चैट बना विवाद की वजह

बागपत। जिले के खेकड़ा थाना क्षेत्र के सुनहेड़ा गांव में रविवार रात एक सनसनीखेज घटना में छुट्टी पर घर आए सिपाही अजय कुमार (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप गांव के ही सरकारी शिक्षक मोहित आर्य पर है, जो घटना के बाद से फरार है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच क्रिकेट मैच और व्हाट्सएप ग्रुप चैट को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जो इस कदर बढ़ गया कि जानलेवा हमला हो गया।

पुलिस के मुताबिक, घटना उस वक्त हुई जब अजय कुमार खाना खाने के बाद गांव के बाहर टहलने निकले थे। इसी दौरान मोहित आर्य ने उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही अजय कुमार जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें गंभीर हालत में सोनीपत (हरियाणा) के एक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आरोपी मोहित आर्य वर्तमान में सहारनपुर के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक के पद पर तैनात है। वहीं मृतक सिपाही अजय कुमार भी सहारनपुर में तैनात थे और इन दिनों अवकाश पर अपने गांव आए हुए थे।

पुलिस अधीक्षक (नगर) एन.पी. सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि क्रिकेट खेलने के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में व्हाट्सएप चैट पर भी बढ़ती चली गई। यही विवाद हत्या की वजह बना। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है।

घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस गांव में सतर्कता बढ़ाते हुए मामले की गहराई से जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.