Azamgarh News: दो पक्षों में संघर्ष के बाद पुलिस पर हमला, 17 गिरफ्तार, 58 लोगों पर FIR दर्ज

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हालात उस वक्त और बिगड़ गए जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस हमले में थानाध्यक्ष समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 नामजद और 33 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है।

डीजे विवाद से शुरू हुआ मामला

बर्रा गांव में पांच जून को एक बारात आई थी। उसी दौरान डीजे को लेकर गांव के दो पक्षों में विवाद हो गया था। पंचायत के जरिए मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन शुक्रवार रात एक बार फिर पुराना विवाद उभर आया।

गांव के सोनू राजभर अपने जीजा सूर्यभान राजभर, प्रमोद, राना और अजय के साथ चकवा बाजार से लौट रहे थे। तभी मनकू राजभर के घर के पास कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को सड़क पर बल्ली लगाकर रोक लिया। विरोध करने पर हमलावरों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया।

पुलिस पहुंची तो उस पर भी हमला

सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन गांव के कुछ लोगों ने पीआरवी की गाड़ी को भी घेर लिया और रास्ता बंद कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने पीड़ित राममिलन की तहरीर पर कुल 58 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिनमें 25 नामजद और 33 अज्ञात हैं।

शनिवार को पुलिस ने 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.