- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- आगरा
- डेढ़ महीने तक लापता पति की तलाश का नाटक करती रही पत्नी, बाथरूम के नीचे दफन मिला कंकाल
डेढ़ महीने तक लापता पति की तलाश का नाटक करती रही पत्नी, बाथरूम के नीचे दफन मिला कंकाल
आगरा/भरतपुर। डेढ़ महीने से लापता एक व्यक्ति की तलाश में परिवार दर-दर भटकता रहा, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि जिसकी खोज की जा रही है, उसका शव उसी के घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफन है। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस से लेकर पड़ोसियों तक के होश उड़ गए। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
परिवार को गुमराह करती रही पत्नी
जांच के दौरान पत्नी रूबी लगातार यह दावा करती रही कि पति उससे नाराज होकर पांच हजार रुपये लेकर घर छोड़कर चले गए हैं। वह पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज भी देखती रही और पति की तलाश का नाटक करती रही। हालांकि, उसके बदलते बयानों ने परिजनों का शक बढ़ा दिया।
मृतक के भाई अनिल शर्मा के अनुसार, 18 मई की सुबह रूबी ने फोन कर कहा था कि घर में पुलिस का मामला हो गया है और मां तथा बच्चों को अपने साथ ले जाएं। उसने यह भी कहा था कि घर के अंदर न आएं और बच्चों को बाहर से ही ले जाएं। बाद में उसने बताया कि सुरेंद्र कुछ दिनों में वापस लौट आएंगे।
सच सामने आते ही उड़ गए होश
परिजनों के लगातार सवालों के बीच शुक्रवार को अनिल शर्मा रूबी के घर पहुंचे और उसे सच बताने के लिए समझाया। बातचीत के दौरान रूबी कथित तौर पर टूट गई और उसने स्वीकार किया कि उसने पति के शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दबा रखा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का फर्श तुड़वाया। खुदाई के दौरान वहां से सुरेंद्र शर्मा का कंकाल बरामद हुआ। शव पूरी तरह गल चुका था। पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
खीर में मिलाई थीं नींद की गोलियां
सिकंदरा थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ में रूबी ने बताया कि उसने खीर में 15-16 नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिलाई थीं। इसके बाद उसने अपनी बेटियों और सास को रिश्तेदार के यहां भेज दिया। जब परिवार को लगा कि सुरेंद्र घर में सो रहे हैं, तब उसने कथित तौर पर अकेले ही शव को बाथरूम तक घसीटकर ले गई और गड्ढा खोदकर दफना दिया।
आरोप है कि शव पर नमक और मिट्टी डालकर उसे समतल किया गया और बाद में मिस्त्री बुलाकर फर्श पर सीमेंट का प्लास्टर करवा दिया गया, ताकि किसी को संदेह न हो।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी वारदात को आरोपी महिला ने अकेले अंजाम दिया या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका रही है। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने वारदात वाले मकान को सील कर दिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
