- Hindi News
- Top News
- तमिलनाडु में नई राजनीतिक शुरुआत : अभिनेता विजय आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
तमिलनाडु में नई राजनीतिक शुरुआत : अभिनेता विजय आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में लंबे समय से कायम द्रविड़ दलों के वर्चस्व के बीच अब बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। फिल्म अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के संस्थापक जोसेफ विजय रविवार सुबह 10 बजे राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
टीवीके बनी सबसे बड़ी पार्टी
हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सामने आई। हालांकि पार्टी बहुमत के आंकड़े 118 से कुछ सीटें पीछे रह गई, लेकिन कांग्रेस, वामपंथी दलों और अन्य सहयोगी पार्टियों के समर्थन से विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस ने पांच, सीपीआई और सीपीआई(एम) ने चार, वीसीके ने दो तथा आईयूएमएल ने दो विधायकों का समर्थन दिया है। इस तरह विजय के पास कुल 120 विधायकों का समर्थन पहुंच गया है।
राज्यपाल ने दिया सरकार बनाने का न्योता
शनिवार को विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया। यह राज्यपाल से उनकी चौथी मुलाकात थी। समर्थन पत्रों की जांच के बाद राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने का निमंत्रण दिया और 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने का समय दिया है।
मंत्रिमंडल में दिखेंगे नए चेहरे
विजय के साथ उनकी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। संभावित मंत्रियों में केए सेंगोट्टइयन, आधव अर्जुना, एन आनंद, अरुण राज, निर्मल कुमार, राज मोहन और वेंकटरमणन जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि डीएमके और एआईएडीएमके के लंबे राजनीतिक वर्चस्व के बाद टीवीके के रूप में तमिलनाडु में एक नई राजनीतिक शक्ति उभरकर सामने आई है।
