प्रयागराज में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, चार महिलाएं और दो पुरुष हिरासत में

प्रयागराज। अतरसुइया थाना क्षेत्र के कल्याणी देवी मोहल्ले में शनिवार शाम पुलिस ने एक मकान में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार महिलाओं और दो पुरुषों को आपत्तिजनक स्थिति में हिरासत में लिया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कल्याणी देवी क्षेत्र के एक मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप था कि मकान में प्रतिदिन नए-नए लोगों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे क्षेत्र में संदेह और असंतोष का माहौल बना हुआ था।

शनिवार शाम करीब चार बजे सहायक पुलिस उपायुक्त निकिता श्रीवास्तव के नेतृत्व में अतरसुइया पुलिस ने मकान पर छापा मारा। पुलिस टीम के पहुंचने पर मकान का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने अंदर प्रवेश किया।

पुलिस के मुताबिक मकान के अलग-अलग कमरों में युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। छापेमारी के दौरान मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।

पुलिस सभी छह लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था और इसमें अन्य किन लोगों की संलिप्तता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मकान मालिक और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.