नई दिल्ली: नाबालिग लड़की की संदिग्ध हालात में मौत, यौन उत्पीड़न की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नेहरू विहार इलाके में शनिवार को एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में उसके साथ यौन उत्पीड़न की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, दयालपुर थाने में शनिवार रात करीब 8:41 बजे पीसीआर कॉल आई, जिसके बाद नेहरू विहार की गली नंबर दो में पुलिस टीम भेजी गई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि लड़की के पिता उसे पहले ही जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जा चुके थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़े - बेंगलुरु भगदड़: पीड़िता के परिवार का आरोप—FIR दर्ज कराने में 4 घंटे तक करना पड़ा इंतजार

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डॉक्टरों ने लड़की के चेहरे पर चोट के निशान पाए हैं, जिससे उसके साथ यौन उत्पीड़न की आशंका को बल मिला है।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के अलावा यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धारा 6 के तहत एफआईआर दर्ज की है।

पीड़िता की मौत और संभावित यौन उत्पीड़न को लेकर पुलिस ने कई टीमें गठित कर दी हैं। अधिकारी ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी लगाया गया है और आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति का माहौल है और पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.