- Hindi News
- भारत
- मोहित चौहान, तापसी पन्नू और अनुभव सिन्हा ने ‘जल वाणी’ अभियान का समर्थन किया, जल संरक्षण की अपील
मोहित चौहान, तापसी पन्नू और अनुभव सिन्हा ने ‘जल वाणी’ अभियान का समर्थन किया, जल संरक्षण की अपील
इंदौर, फरवरी 2026। देश में बढ़ती जल संकट की समस्या को लेकर गायक मोहित चौहान, अभिनेत्री तापसी पन्नू और फिल्म निर्माता अनुभव सिन्हा ने राष्ट्रीय जल मिशन और जल शक्ति मंत्रालय के साथ मिलकर शुरू किए गए देशव्यापी ‘जल वाणी’ अभियान का समर्थन किया है। इस पहल के माध्यम से लोगों से रोजमर्रा की जिंदगी में पानी बचाने के लिए छोटे लेकिन प्रभावी कदम उठाने की अपील की जा रही है।
‘जल वाणी’ अभियान के तहत रोजमर्रा की परिस्थितियों और जानी-पहचानी आवाज़ों के माध्यम से पानी से जुड़ी बातचीत को आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके प्रत्येक एपिसोड में सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त ‘वॉटर वॉरियर्स’ को भी शामिल किया गया है, जिन्होंने जल संरक्षण के क्षेत्र में व्यावहारिक और प्रभावी प्रयास किए हैं।
इस पहल से जुड़े गायक मोहित चौहान ने कहा कि अक्सर लोग पानी को तब तक गंभीरता से नहीं लेते, जब तक उसकी कमी महसूस नहीं होती। उन्होंने कहा कि नल बंद रखना, पानी की बर्बादी रोकना और हर बूंद की अहमियत समझना जैसे छोटे कदम मिलकर बड़ी जिम्मेदारी का रूप लेते हैं।
अभिनेत्री तापसी पन्नू ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी नीतियों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज बचाई गई हर बूंद आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित भविष्य का आधार बनेगी।
अभियान से जुड़े ‘वॉटर वॉरियर्स’ ने कहा कि भारत में जल संकट अत्यधिक उपयोग, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों की अनदेखी का परिणाम है। उनके अनुसार, सरकार नीतियां बना सकती है, लेकिन जल संरक्षण तभी संभव है जब आम नागरिक पानी को एक साझा और सीमित संसाधन के रूप में समझें।
यह अभियान रेडियो जॉकीज़ द्वारा तैयार किए गए डिजिटल कंटेंट के माध्यम से भी चलाया जा रहा है, ताकि युवाओं और शहरी आबादी तक संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके। ‘जल वाणी’ के जरिए राष्ट्रीय जल मिशन और जल शक्ति मंत्रालय को उम्मीद है कि अधिक से अधिक लोग जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे और पानी को एक मूल्यवान संसाधन के रूप में समझेंगे।
