गोपालगंज में दिल दहला देने वाली वारदात: देवर के प्यार में पागल पत्नी ने कर दी पति की तलवार से हत्या, 6 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

गोपालगंज (बिहार): जिले के बरौली थाना क्षेत्र के बतरदेह गांव में शनिवार रात एक खौफनाक घटना सामने आई, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। एक महिला ने अपने चचेरे देवर और प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की तलवार से बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली।

मृतक ध्रुव प्रसाद (35) कुछ समय से पंजाब में काम कर रहा था और 21 मई को ही घर लौटा था। शनिवार रात 11 बजे के करीब पुलिस को सूचना मिली कि ध्रुव की हत्या कर दी गई है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि ध्रुव का शव बेड पर पड़ा था और उसका सिर धड़ से अलग था। यह दृश्य बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज था।

यह भी पढ़े - कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान, दूसरे चरण में 91.62% वोटिंग

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में पता चला कि ध्रुव की पत्नी किरण देवी का पिछले दो वर्षों से अपने चचेरे देवर बिकेश कुमार (25) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार की रात किरण अपने प्रेमी के साथ कमरे में थी, तभी अचानक ध्रुव वहां पहुंच गया। दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखकर उसका गुस्सा फूट पड़ा और विवाद शुरू हो गया। इसी बीच किरण और बिकेश ने मिलकर ध्रुव पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बरौली पुलिस और एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में त्वरित जांच शुरू हुई। तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी किरण देवी और बिकेश कुमार को पकड़ लिया गया। बिकेश हत्या के बाद सिवान में जाकर छिप गया था, लेकिन पुलिस ने उसे वहां से दबोच लिया।

इलाके में फैली सनसनी

इस निर्मम हत्या से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। लोग रिश्तों में आई गिरावट और विश्वासघात से स्तब्ध हैं। कई लोग इस घटना की तुलना मेरठ के चर्चित मुस्कान-साहिल कांड से कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.