डिंडौरी में भाजपा नेता की पत्नी का फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

डिंडौरी (मध्य प्रदेश): जिले में शनिवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां भाजपा पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष और उप सरपंच दशरथ राठौर (38) की पत्नी संगीता (22) का शव उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला। संगीता के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है और दशरथ पर 5 लाख रुपये की मांग को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दशरथ राठौर को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब 7:30 बजे की है। दशरथ जब घर पहुंचा तो कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर उसने संगीता को फंदे से लटका देखा। खिड़की से भीतर घुसकर उसने फंदा काटा और संगीता को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को रात करीब 8:30 बजे सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर कमरे को सील किया गया। रविवार सुबह शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

यह भी पढ़े - Madhya Pradesh News : डॉ. प्रीति अदाणी का ‘स्वाभिमान’ विज़न एमपी पहुंचा, 1500 महिलाओं को मिलेगा रोजगार

पोस्टमॉर्टम के दौरान अस्पताल पहुंचे संगीता के परिजन भावुक हो गए। महिलाओं ने ओपीडी के सामने धरना दे दिया और पुरुषों ने पुलिस से बहस करते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मृतका के पिता ने बताया कि दशरथ अक्सर संगीता से मारपीट करता था और पैसों की मांग करता था। एक बार संगीता मायके भी लौट आई थी, लेकिन समझौते के बाद उसे फिर से ससुराल भेजा गया।

संगीता के दादा छोटू सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि दशरथ पांच लाख रुपये की डिमांड कर रहा था और आर्थिक असमर्थता के चलते उन्होंने मना कर दिया, जिसके बाद यह घटना हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही डिंडोरी के कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने संगीता के शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही और आरोप लगाया कि यह हत्या है, आत्महत्या नहीं। उन्होंने पुलिस पर शव न दिखाने का आरोप भी लगाया, जिसके जवाब में थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद ही शव दिखाया जाएगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संगीता की मौत को लेकर हर पहलु को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.