Himachal News: हिमाचल में मानसून का कहर, शिमला में 5 मंजिला इमारत जमींदोज, बादल फटा, सड़कों पर मलबा, रेड अलर्ट जारी

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सक्रिय मानसून ने तबाही मचा दी है। सोमवार को प्रदेश भर में भारी बारिश के चलते कई गंभीर हादसे हुए। राजधानी शिमला में एक पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई, जबकि रामपुर के सिकासेरी गांव में बादल फटने से दो गौशालाएं बह गईं और कई मवेशी मारे गए। जगह-जगह भूस्खलन से प्रमुख राजमार्ग बाधित हो गए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

शिमला में पांच मंजिला इमारत ढही, प्रशासन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

शिमला के भट्टाकुफर इलाके में चमियाना सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पास स्थित माथू कॉलोनी की एक जर्जर इमारत सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे ढह गई। राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने खतरा भांपते हुए इमारत को पहले ही खाली करवा लिया था। पास की दो और इमारतों पर भी खतरा मंडरा रहा है।

इमारत की मालकिन रंजना वर्मा ने बताया कि शनिवार की बारिश के बाद से जमीन खिसकने लगी थी, इसलिए रविवार रात ही परिवार बाहर निकल गया था। उनका आरोप है कि पास में बन रही कैथलीघाट-ढली चार लेन सड़क की खुदाई से इमारत कमजोर हो गई थी और निर्माण कंपनी ने समय रहते कोई एहतियात नहीं बरता।

बादल फटने से रामपुर में नुकसान, मवेशी बह गए

रामपुर के सिकासेरी गांव में बादल फटने से दो गौशालाएं, तीन गायें और दो बछड़े बह गए। साथ ही एक रसोईघर और एक कमरा भी मलबे में समा गया। यह नुकसान राजिंदर, विनोद और गोपाल (पलास राम के बेटे) के घरों में हुआ। हालांकि, जनहानि नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि पिछले साल इसी पंचायत के समेज क्षेत्र में बादल फटने से 21 लोगों की जान गई थी।

हाईवे बाधित, सड़कों पर फंसे वाहन

शिमला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर पांच स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे यातायात को एक ही लेन से चलाया गया और जाम की स्थिति बन गई। सोलन जिले में कोटी के पास चक्की मोड़ पर भी पत्थर गिरने से सड़क बाधित हुई। डेलगी में भूस्खलन के चलते सुबाथू-वाकनाघाट मार्ग बंद हो गया है। बिलासपुर जिले में भी कई स्थानों पर सड़कों पर मलबा आ गया है।

भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, स्कूल खुले

बारिश के बावजूद राज्य के अधिकतर स्कूल खुले रहे, जिससे अभिभावकों में नाराजगी दिखी। प्रशासन ने बताया कि सड़कें साफ करने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

रेड अलर्ट, आगे और बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में अगले 24 घंटे के भीतर बाढ़ और भारी बारिश की आशंका जताई है। 6 जुलाई तक राज्य में तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

कुछ इलाकों में रिकॉर्ड बारिश

रविवार शाम से सोमवार सुबह तक राज्य में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश हुई। पंडोह में सर्वाधिक 123 मिमी, मंडी में 119.4 मिमी, मुरारी देवी में 113.2 मिमी, पालमपुर में 83 मिमी, भरारी में 65.2 मिमी, कसौली में 64 मिमी, धरमपुर में 56.6 मिमी और सुजानपुर टीरा में 53 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

अब तक 20 की मौत, 4 लापता

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, मानसून के आगमन (20 जून) से 29 जून तक हिमाचल में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 20 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 4 लोग अब भी लापता हैं।

खबरें और भी हैं

Latest News

लखनऊ के विकास नगर में भीषण आग, 200 से अधिक झुग्गियां जलकर राख लखनऊ के विकास नगर में भीषण आग, 200 से अधिक झुग्गियां जलकर राख
लखनऊ। विकास नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-14 स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में बुधवार दोपहर लगी भीषण आग ने देखते ही देखते भयावह...
सीबीएसई 10वीं: समृद्धि पांडेय 97.8 फीसदी अंकों के साथ बाराबंकी जिला टॉपर
मुंबई में अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने 1,000 मेगावाट पावर लिंक शुरू किया, क्लीन एनर्जी सप्लाई को मिलेगा बड़ा बल
‘मिस माया जादूवाला’ बनकर तनु खान को आई बचपन की याद, बोलीं— मेरे पास भी है हैरी पॉटर जैसी जादुई छड़ी
UP News: नोएडा में अशांति फैलाने वाले समूहों के खिलाफ सबूत मिले, डीजीपी बोले- शहर में स्थिति सामान्य
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.