- Hindi News
- मनोरंजन
- ‘इत्ती सी खुशी’ में बहन को मार्गदर्शन देना निजी अनुभव जैसा रहा: सुम्बुल तौकीर खान
‘इत्ती सी खुशी’ में बहन को मार्गदर्शन देना निजी अनुभव जैसा रहा: सुम्बुल तौकीर खान
मुंबई। सोनी सब का धारावाहिक ‘इत्ती सी खुशी’ अन्विता के किरदार के जरिए पारिवारिक जिम्मेदारियों, सही-गलत के चुनाव और बहन-भाई के रिश्तों की संवेदनशील कहानी दर्शा रहा है। शो में अभिनेत्री सुम्बुल तौकीर खान अन्विता की भूमिका निभा रही हैं, जो अपने छोटे भाई-बहनों की देखभाल की जिम्मेदारी उठाती है।
इन दृश्यों को निभाने को लेकर सुम्बुल तौकीर खान ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए भावनात्मक रूप से काफी निजी रहा। उन्होंने बताया कि परदे पर चिड़िया को समझाते हुए उन्हें अपनी असल ज़िंदगी की बहन सानिया के साथ हुई बातचीत की याद आ गई।
सुम्बुल ने कहा, “यह ट्रैक मेरे बहुत करीब है क्योंकि यह वास्तविक जीवन जैसा है। जब अन्विता चिड़िया को बैठाकर समझाती है कि क्या सही है और क्या नहीं, तो मुझे अभिनय जैसा महसूस नहीं होता। ऐसा लगता है जैसे मैं अपनी बहन सानिया से बात कर रही हूं। असल ज़िंदगी में भी मैं उसके लिए बहुत प्रोटेक्टिव हूं और जब वह उलझन में होती है, तो मैं स्वाभाविक रूप से बड़ी बहन की भूमिका में आ जाती हूं।”
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, दोस्तों के प्रभाव और जल्दबाज़ी में लिए गए फैसलों को लेकर उन्होंने अपनी बहन से कई बार बातचीत की है, और यही अनुभव शो में उनके अभिनय को सहज बनाता है। उनके अनुसार, यही वास्तविक भावनाएं स्क्रीन पर दोनों बहनों की बॉन्डिंग को खास बनाती हैं।
‘इत्ती सी खुशी’ हर सोमवार से शनिवार रात 9 बजे सोनी सब पर प्रसारित होता है।
