- Hindi News
- मनोरंजन
- ज़ी सिनेमा पर 26 जुलाई को होगा फिल्म ‘आज़ाद’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर
ज़ी सिनेमा पर 26 जुलाई को होगा फिल्म ‘आज़ाद’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर
मुंबई। ज़ी सिनेमा इस रविवार 26 जुलाई रात 9 बजे फिल्म ‘आज़ाद’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर लेकर आ रहा है। 1920 के दशक के भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित यह एक्शन-ड्रामा फिल्म एक युवा अस्तबल कर्मचारी गोविंद और ‘आज़ाद’ नाम के घोड़े के बीच बने अनोखे रिश्ते की कहानी है। यह रिश्ता उसे आज़ादी और आत्मविश्वास की नई राह पर ले जाता है।
निर्देशक अभिषेक कपूर की इस फिल्म से अमन देवगन और राशा थडानी ने बॉलीवुड में डेब्यू किया है। अमन ने गोविंद और राशा ने जानकी का किरदार निभाया है। फिल्म में डायना पेंटी भी अहम भूमिका में नजर आती हैं। इसका निर्माण आरएसवीपी मूवीज़ और गाय इन द स्काई पिक्चर्स के बैनर तले रोनी स्क्रूवाला और प्रज्ञा कपूर ने किया है।
फिल्म का संगीत भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा। खासकर ‘उई अम्मा’ गीत सोशल मीडिया पर जबरदस्त हिट साबित हुआ और इस पर बड़ी संख्या में रील्स बनाई गईं।
‘आज़ाद’ सिर्फ भारत की स्वतंत्रता संग्राम की कहानी नहीं, बल्कि एक ऐसे युवा की यात्रा भी है, जो डर पर जीत हासिल कर अपनी पहचान और आत्मविश्वास खोजता है। दोस्ती, त्याग और साहस की यह कहानी एक लड़के और उसके घोड़े के अनोखे रिश्ते के माध्यम से दर्शकों को भावुक कर देती है।
फिल्म ‘आज़ाद’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर 26 जुलाई (रविवार) रात 9 बजे सिर्फ ज़ी सिनेमा पर प्रसारित होगा।
