UP News: पीलीभीत में दर्दनाक हादसा, ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से राजमिस्त्री की मौत

पीलीभीत। जिले के अलीगंज गांव में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसके नीचे दबकर एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के जंगरौली आशा गांव निवासी प्रेमचंद (45) पुत्र गेंदनलाल पेशे से राजमिस्त्री थे। शुक्रवार को वह अलीगंज गांव में इंटरलॉकिंग सड़क बिछाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान करीब दो हजार ईंटों से भरी ट्रॉली वहां पहुंची, जिसका एक टायर पंचर हो गया था। चालक ने ट्रॉली को सड़क किनारे खड़ा कर ईंटें उतरवानी शुरू कर दीं।

बताया जा रहा है कि मजदूरों ने पंचर वाले पहिए के विपरीत दिशा से ईंटें उतारनी शुरू कर दीं, जिससे ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान प्रेमचंद ट्रॉली के पास से गुजर रहे थे कि अचानक ट्रॉली पलट गई और वह ट्रॉली तथा पास की दीवार के बीच दब गए।

साथी मजदूरों ने उन्हें बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना देते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।

इंस्पेक्टर प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रॉली चालक की लापरवाही सामने आई है। पंचर ट्रॉली से ईंट उतारते समय संतुलन नहीं रखा गया, जिससे हादसा हुआ। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.