- Hindi News
- मनोरंजन
- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: आरती बिराजदार ने बताया योग का महत्व, बोलीं- "योग सिर्फ ट्रेंड नहीं, जीवनशैल...
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: आरती बिराजदार ने बताया योग का महत्व, बोलीं- "योग सिर्फ ट्रेंड नहीं, जीवनशैली है"
मुंबई/मध्य प्रदेश/उत्तर प्रदेश, जून 2026: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में योग एक ऐसा माध्यम है, जो शरीर और मन दोनों को संतुलित रखने में मदद करता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सन नियो के आगामी शो 'थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान' में वैदेही का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री आरती बिराजदार ने अपने जीवन में योग के महत्व को साझा किया।
हर दिन करती हैं सूर्य नमस्कार और प्राणायाम
अपने दैनिक योग अभ्यास के बारे में बात करते हुए आरती ने बताया, "मैं रोज सूर्य नमस्कार करती हूं। शूटिंग की व्यस्तता के बावजूद मैं सामान्यतः 25 राउंड पूरे करने की कोशिश करती हूं। इसके अलावा पश्चिमोत्तानासन, धनुरासन, सर्वांगासन, चक्रासन, मत्स्यासन, वज्रासन और पद्मासन भी मेरे रूटीन का हिस्सा हैं। इनमें शवासन मुझे सबसे अधिक मानसिक शांति देता है।"
उन्होंने आगे बताया कि कॉलेज के दिनों में उनका योग अभ्यास और भी अधिक नियमित था। आरती के अनुसार अच्छी नींद, संतुलित भोजन, योग और प्राणायाम स्वस्थ जीवन की बुनियाद हैं। वह नियमित रूप से अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी और ओंकार जप भी करती हैं।
योग और जिम दोनों का है अपना महत्व
योग और जिम की तुलना पर आरती ने कहा, "मेरे हिसाब से सबसे महत्वपूर्ण चीज निरंतरता है। जिम शरीर को मजबूत बनाने में मदद करता है, जबकि योग शरीर के साथ मन को भी संतुलित करता है। अगर योग, जिम, पौष्टिक भोजन और पर्याप्त नींद को जीवन में शामिल किया जाए, तो कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। अच्छी सेहत किसी एक दिन में नहीं बनती, बल्कि रोज की अच्छी आदतों से तैयार होती है।"
उन्होंने लोगों से अपील की कि योग को केवल एक ट्रेंड के रूप में न देखें, बल्कि इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
सन नियो के आगामी शो 'थोड़ी सी उम्मीद, थोड़ा सा आसमान' के जरिए दर्शक आरती बिराजदार को वैदेही के किरदार में जल्द ही देख सकेंगे।
