- Hindi News
- मनोरंजन
- इंदौर में फिल्म 'तेरा मेरा नाता' का ग्रैंड प्रीमियर, भावनात्मक कहानी और संगीत ने जीता दर्शकों का दिल...
इंदौर में फिल्म 'तेरा मेरा नाता' का ग्रैंड प्रीमियर, भावनात्मक कहानी और संगीत ने जीता दर्शकों का दिल
इंदौर, जून 2026। शहर के प्रतिष्ठित सी-21 मॉल स्थित पीवीआर सिनेमाज में रविवार की शाम भावनाओं, संगीत और सिनेमा के रंगों से सराबोर रही। अवसर था आगामी हिंदी फिल्म 'तेरा मेरा नाता' के ग्रैंड प्रीमियर का, जहां फिल्म प्रेमियों, मीडिया प्रतिनिधियों और विशेष अतिथियों ने इसकी पहली झलक देखी। इस मौके पर फिल्म के मुख्य कलाकार सूरज और अंबिका वाणी, निर्माता-निर्देशक चंदा पटेल सहित पूरी स्टार कास्ट मौजूद रही।
नेत्रहीन फुटबॉलर और प्रेम की अनोखी कहानी
उसकी जिंदगी में रोशनी बनकर प्रवेश करती है मिशा (अंबिका वाणी), जो जड़ी-बूटियों की खोज में उस क्षेत्र में पहुंचती है। दोनों के बीच धीरे-धीरे एक खूबसूरत रिश्ता पनपता है, जो विश्वास, संवेदनाओं और प्रेम की गहराइयों को दर्शाता है। लेकिन पारिवारिक परिस्थितियां और सामाजिक बंधन उनकी राह में चुनौतियां खड़ी कर देते हैं।
फिल्म दर्शकों के मन में कई सवाल छोड़ती है—क्या गौरव की आंखों की रोशनी लौट पाएगी? क्या मिशा और गौरव का प्रेम अपने मुकाम तक पहुंच सकेगा? यही भावनात्मक और रोमांचक पहलू फिल्म को खास बनाते हैं।
कलाकारों ने साझा किए अनुभव
प्रीमियर के दौरान अभिनेता सूरज ने कहा, "गौरव का किरदार मेरे लिए बेहद खास है। एक ऐसे इंसान की भावनाओं को पर्दे पर जीवंत करना, जो देख नहीं सकता लेकिन हर एहसास को दिल से महसूस करता है, मेरे लिए चुनौतीपूर्ण और यादगार अनुभव रहा।"
वहीं अभिनेत्री अंबिका वाणी ने कहा, "यह केवल प्रेम कहानी नहीं है, बल्कि रिश्तों, भरोसे और पारिवारिक मूल्यों की ऐसी कहानी है, जिससे आज की पीढ़ी खुद को जोड़ पाएगी। इंदौर के दर्शकों से मिला प्यार हमारे लिए बेहद प्रेरणादायक है।"
दीपिका चिखलिया और पंकज बेरी की दमदार मौजूदगी
फिल्म की निर्माता-निर्देशक चंदा पटेल ने बताया कि उनका प्रयास एक ऐसी पारिवारिक और भावनात्मक फिल्म बनाने का रहा है, जिसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सके। फिल्म में दीपिका चिखलिया और पंकज बेरी जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जो कहानी को और अधिक प्रभावशाली बनाते हैं।
फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर भी दर्शकों के बीच खासा पसंद किया जा रहा है। प्रीमियर के समापन पर सिनेमाघर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित पत्रकारों व समीक्षकों ने फिल्म की कहानी, अभिनय और संगीत की सराहना की।'तेरा मेरा नाता' जल्द ही देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
