कैमूर में अनोखा मामला: बारात आने से पहले घर से भागी दुल्हन, शादी की खुशियां बदली मायूसी में

कैमूर (बिहार)। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटा शहर के एक मोहल्ले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब शादी के दिन ही दुल्हन घर से गायब हो गई। शनिवार की सुबह होने वाली इस घटना ने पूरे परिवार को सकते में डाल दिया। घर में जहां शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, मंगल गीत गूंज रहे थे और बारातियों के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अचानक आई इस खबर ने खुशियों को गम में बदल दिया।

दुल्हन के लापता होने की भनक परिजनों को घंटों तक नहीं लगी। जब काफी देर बाद उसकी गैरमौजूदगी का पता चला, तो पूरे परिवार में हड़कंप मच गया। रिश्तेदारों और मोहल्ले वालों की मदद से काफी खोजबीन की गई, लेकिन दुल्हन का कोई सुराग नहीं मिला।

हालात ऐसे बन गए कि लड़की के पिता को खुद चैनपुर थाने पहुंचकर बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करानी पड़ी। पुलिस को दिए आवेदन में उन्होंने बताया कि बारात शाम को उनके दरवाजे पर आने वाली थी, लेकिन उसी सुबह उनकी बेटी बिना कुछ बताए घर से चली गई।

इस घटना की सूचना जब वर पक्ष को दी गई, तो वहां भी मायूसी छा गई। बारात की तैयारियां बीच में ही रोक दी गईं। लड़के वाले और गांव-जवार के लोग स्तब्ध हैं और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

चैनपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है और मामले की जांच के साथ कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.