Varanasi News: वाराणसी में युवक की संदिग्ध मौत, तीसरी पत्नी बेटी के साथ लापता; हत्या की आशंका

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के नेपाली बाग इलाके में रविवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय विकास वर्मा के रूप में हुई है, जिसका शव उसके किराए के मकान में पड़ा मिला। हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद उसकी तीसरी पत्नी रिया अपनी 5 वर्षीय बेटी के साथ गायब हो गई, जिससे हत्या की आशंका और गहराती जा रही है।

सूचना पर डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, एसीपी विदूष सक्सेना, थाना प्रभारी सहित फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पिता विजयी रावत के अनुसार, विकास की पहले दो शादियां हो चुकी थीं। पहली पत्नी रीता से उसके तीन बच्चे – अंजलि (15), आयुष (12) और निकेश (8) हैं, जो जौनपुर जिले के जयसिंह हथेरा गांव में रहते हैं।

यह भी पढ़े - Varanasi News : पीएम मोदी ने 6350 करोड़ की 163 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

कुछ साल पहले विकास ने परिवार को छोड़ शहर में रहना शुरू कर दिया था। पहले वह एक मुस्लिम महिला के साथ रहा, बाद में रिया नाम की युवती से विवाह कर नेपाली बाग में किराए के मकान में रहने लगा। रिया से उसकी एक पांच साल की बेटी भी है। दोनों बाबतपुर स्थित एक होटल में काम करते थे।

मकान मालिक संजय गुप्ता ने बताया कि शनिवार रात को दंपति के बीच झगड़ा हुआ था। रविवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो ऊपर जाकर झांका गया, जहां विकास जमीन पर अचेत पड़ा मिला। दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे आशंका है कि रिया छत के रास्ते बेटी को लेकर फरार हो गई। विकास के सिर के पिछले हिस्से में हल्की चोट के निशान पाए गए हैं।

डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। रिया और उसकी बेटी की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।

मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं। पिता विजयी रावत का कहना है कि अगर बेटा उनकी बात मानता और परिवार के साथ रहता, तो शायद आज वह जीवित होता।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.