- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बुलंदशहर
- बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर केस : 8 फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम, थाना प्रभारी समेत 4 पुलिसकर्मी नि...
बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर केस : 8 फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम, थाना प्रभारी समेत 4 पुलिसकर्मी निलंबित
बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए फरार चल रहे आठ हत्यारोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वहीं, मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की गहन जांच की जा रही है। उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी, साथ ही आय के स्रोतों की भी जांच होगी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले खुर्जा नगर क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान केक काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद तिहरे हत्याकांड में बदल गया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जीतू का जन्मदिन पहले सीमा पॉटरी में मनाया गया और बाद में दूसरी पॉटरी में पार्टी आयोजित की गई। अमरदीप को इस पार्टी में आमंत्रित नहीं किया गया था। इस बात से नाराज होकर उसने जिम में मौजूद स्वामी रूपा को फोन कर जानकारी ली और पुष्टि होने पर केक लेकर जिम पहुंच गया।
जिम में पार्टी के दौरान पहले पॉटरी में आयोजित जन्मदिन समारोह में न बुलाए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। मामला तब और बढ़ गया जब अमरदीप ने कथित तौर पर जीतू के चेहरे पर केक लगा दिया।
इसके बाद उसने अपने चाचा मनीष और आकाश को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद विवाद हिंसक हो गया और ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई।
मामले में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में विफल रहने और कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण थाना प्रभारी खुर्जा नगर निरीक्षक प्रेमचंद शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
इसके अलावा कमजोर आसूचना संकलन, क्षेत्रीय गतिविधियों की जानकारी न होने और स्थानीय स्तर पर चल रही गतिविधियों पर नजर न रखने के आरोप में चौकी प्रभारी बुर्ज उस्मान उपनिरीक्षक प्रीतम सिंह, मुख्य आरक्षी समीम अहमद और आरक्षी पारस यादव को भी निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और पूरे प्रकरण की जांच जारी है।
