Varanasi News: लगातार गैरहाजिर रहने पर सीएचओ बर्खास्त, सात का तबादला, सख्ती से मचा हड़कंप

वाराणसी। आयुष्मान आरोग्य मंदिर सरांवा, बड़ागांव के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) को कार्य में लापरवाही और लगातार अनुपस्थित रहने के कारण बर्खास्त कर दिया गया है। इसके साथ ही सात अन्य सीएचओ और एक एएनएम का भी स्थानांतरण किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि यह कार्रवाई गंभीर लापरवाही के चलते की गई है।

कार्य में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई

सीएमओ ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर सरांवा, बड़ागांव के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) द्वारा संचालित योजनाओं में लगातार शिथिलता देखी जा रही थी। उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था, और इस संबंध में कई शिकायतें मिली थीं।

यह भी पढ़े - भीषण गर्मी से तप रही काशी, घाटों पर पसरा सन्नाटा; पर्यटक भी परेशान

स्थानीय स्तर पर कराई गई जांच और निरीक्षण में सीएचओ अनुपस्थित पाए गए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, बड़ागांव द्वारा किए गए स्थलीय निरीक्षणों और ज़ूम बैठकों में भी सीएचओ लगातार गैरहाजिर रहे। कई बार चेतावनी पत्र जारी किए गए, लेकिन उनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके अलावा, किसी भी स्पष्टीकरण पत्र का जवाब भी नहीं दिया गया।

जिला स्वास्थ्य समिति ने लिया कड़ा फैसला

जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक में सीएचओ सरांवा की लापरवाही पर चर्चा हुई और निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जांच समिति के समक्ष उनका पक्ष सुना जाए।

जांच समिति ने सीएचओ को उपस्थित होने का निर्देश दिया, लेकिन बिना किसी उचित कारण के वे अनुपस्थित रहे। रिपोर्ट के आधार पर जिला स्वास्थ्य समिति ने उनकी संविदा समाप्त करने का निर्णय लिया।

सात सीएचओ और एक एएनएम का स्थानांतरण

एनएचएम संविदा कर्मियों की शिकायतों की जांच के लिए गठित जनपद स्तरीय समिति की संस्तुति और जिला स्वास्थ्य समिति के अनुमोदन के आधार पर सात सीएचओ का स्थानांतरण किया गया है। ये सभी सीएचओ एक ब्लॉक से दूसरे ब्लॉक में ट्रांसफर किए गए हैं।

इसके अलावा, शहरी क्षेत्र में कार्यरत एक एएनएम को यूपीएचसी आदमपुर से यूपीएचसी टाउन हॉल में स्थानांतरित किया गया है।

प्रशासन की इस सख्ती से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है, और अन्य कर्मियों को भी अपने कर्तव्यों के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी मिल गई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.