जौनपुर दूल्हा हत्याकांड : एक लाख का इनामी रवि यादव पुलिस मुठभेड़ में ढेर, थानेदार घायल

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के चर्चित दूल्हा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जौनपुर पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश रवि यादव को मुठभेड़ में मार गिराया है। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

यह मुठभेड़ रविवार देर रात करीब पौने तीन बजे खेतासराय थाना क्षेत्र के रानी की मोड़ के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दूल्हा हत्याकांड का आरोपी रवि यादव अपने एक साथी के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान रवि यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार रवि की चलाई गई एक गोली लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के हाथ में लगी, जबकि दूसरी गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

गौरतलब है कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 22 वर्षीय दूल्हे आजाद हिंद की एक मई को खेतासराय क्षेत्र में बारात के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार बदमाशों ने बारात में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस मामले में दुल्हन के दूर के रिश्तेदार रवि यादव समेत प्रदीप बिंद और भोले राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया था कि रवि यादव इस शादी से नाराज था। तीनों आरोपियों के फरार होने पर पुलिस ने उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। घटना के बाद आरोपियों को शरण देने और सहयोग करने के आरोप में जिला पंचायत सदस्य शोले राजभर सहित 13 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था।

मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मृतक दूल्हे के परिजन लगातार पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रहे थे। मृतक की बहन सौम्या आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रही थी।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों प्रदीप बिंद और भोले राजभर की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं मुठभेड़ के दौरान रवि यादव के साथ मौजूद एक अन्य साथी की भी तलाश जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.