Amethi Crime News : अमेठी में खेत में मिला 12 वर्षीय बालक का शव, जांच में जुटी पुलिस

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 12 वर्षीय बालक का शव गांव के बाहर खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल सिंह ने बताया कि बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र के पूरे बना मजरे बाहरपुर गांव में खेत में एक बालक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान शिवम पुत्र रामबरन के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर से परिजनों में हड़कंप मच गया और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया।

पुलिस के अनुसार शव पर किसी गंभीर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है।

मृतक की मां ने रोते हुए बताया कि शनिवार शाम शिवम बकरी चराने गया था। घर लौटने के बाद उसने खाना खाया और फिर कहीं चला गया। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। मां ने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है।

सीओ अतुल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.