- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- जिला अस्पताल में नर्स से मारपीट पर हंगामा, नर्सों ने किया कार्य बहिष्कार
जिला अस्पताल में नर्स से मारपीट पर हंगामा, नर्सों ने किया कार्य बहिष्कार
बलिया : जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना के विरोध में रविवार को नर्सों ने कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन किया। सीएमएस कार्यालय के सामने करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। बाद में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद नर्सों ने धरना समाप्त किया।
घटना से नाराज नर्सों ने रविवार सुबह आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कामकाज ठप कर दिया और धरने पर बैठ गईं। कार्य बहिष्कार के चलते अस्पताल में भर्ती मरीजों को समय पर इंजेक्शन और ड्रिप नहीं लग सकी, जिससे तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले की जानकारी मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार ने सुखपुरा पीएचसी अधीक्षक से वार्ड ब्वाय के संबंध में स्पष्टीकरण तलब किया। वहीं, स्टाफ नर्स की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी विवेक सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
सीएमओ द्वारा कार्रवाई का आश्वासन और मुकदमा दर्ज होने के बाद नर्सों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
