- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- देवरिया
- प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा को मिला ‘कन्हैया सिंह शोध सम्मान’
प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा को मिला ‘कन्हैया सिंह शोध सम्मान’
देवरिया : दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘कन्हैया सिंह शोध सम्मान’ से सम्मानित किया गया। देवरिया स्थित प्रेस्टिज संस्थान परिसर में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें वाग्देवी की प्रतिमा, श्रीफल, प्रशस्तिपत्र एवं ₹26 हजार की सम्मान राशि प्रदान की गई। यह सम्मान पिछले छह वर्षों से अकादमिक एवं सामाजिक अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्वानों को दिया जाता है।
प्रो. सिन्हा कोलंबो की प्रतिष्ठित संस्था आरसीएसएस (RCSS) के फेलो भी रह चुके हैं। उनकी एक पुस्तक को भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा वे राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन के लिए गठित उत्तर प्रदेश स्टेट स्टीयरिंग कमेटी तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी विशेष पाठ्यक्रम निर्माण समिति के सदस्य भी हैं।
शिक्षा और शोध के साथ-साथ प्रो. सिन्हा ने लगभग तीन दशकों तक बीबीसी और इंडिया टुडे जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के लिए सक्रिय पत्रकारिता भी की है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें ‘द्वारका प्रसाद अग्रवाल राष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान’ से भी नवाजा जा चुका है।
