भूमि विवाद में मारपीट और महिला से दुर्व्यवहार, आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज

बलिया : बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के खेवसर गांव में भूमि पैमाइश के दौरान हुए विवाद और महिला से कथित दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने आठ नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, खेवसर निवासी हरेंद्र सिंह के प्रार्थना पत्र पर एसडीएम के आदेश के बाद नायब तहसीलदार और कानूनगो की टीम भूमि की पैमाइश करने गांव पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान पैमाइश रुकवाने की नीयत से मनोज पांडेय, वेदप्रकाश, मारकण्डेय और श्रीनिवास पांडेय ने राजस्व टीम के सामने ही हरेंद्र सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़े - सरयू नदी में डूबे युवक का शव बरामद, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

बताया जा रहा है कि विवाद यहीं नहीं रुका। दोपहर में हरेंद्र सिंह के भाई एवं सरकारी शिक्षक हरनाम सिंह अपनी पत्नी के साथ बाइक से बलिया जा रहे थे। आरोप है कि पचविगहवा खरौनी हनुमान मंदिर के पास चितरंजन सिंह, सचितानंद सिंह, दिव्य आदित्य और विक्की पांडेय ने उन्हें घेर लिया और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची शिक्षक की पत्नी के साथ भी कथित रूप से अभद्रता की गई।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपितों ने शिक्षक के पास मौजूद जनगणना से जुड़े महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों घटनाओं में शामिल आठ आरोपितों के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.