Indoor Sports Complex : अलीगढ़ को मिला विश्वस्तरीय इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खिलाड़ियों को मिलेंगी अंतरराष्ट्रीय सुविधाएं

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार खेल क्रांति को नई दिशा देने की तैयारी में है। इसी क्रम में अलीगढ़ मंडल को 57 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बना अत्याधुनिक ओलंपिक-स्तरीय इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मिलने जा रहा है। करीब 13 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला यह विशाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पूरी तरह तैयार हो चुका है और जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका लोकार्पण करेंगे।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि यह अलीगढ़ मंडल का पहला विश्वस्तरीय इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स है, जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल स्टेडियम बनाना नहीं, बल्कि गांवों, कस्बों और छोटे शहरों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ऐसा मंच देना है, जहां से वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

कॉम्प्लेक्स की सबसे बड़ी विशेषता इसका राष्ट्रीय-स्तरीय आधुनिक स्विमिंग पूल है। अत्याधुनिक तकनीक से तैयार यह पूल भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम माना जा रहा है। इससे अलीगढ़ मंडल के तैराकों को अब प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बहुउद्देशीय इंडोर हॉल, अंतरराष्ट्रीय मानकों के बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट, बिलियर्ड्स रूम और हाईटेक जिम जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। खिलाड़ियों की प्रोफेशनल ट्रेनिंग और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए इसे आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में तैयार किया गया है।

दर्शकों के लिए आधुनिक गैलरी, वीआईपी रूम, मीडिया कक्ष और लाउंज एरिया भी बनाए गए हैं, ताकि बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी आसानी से की जा सके। नगर आयुक्त ने कहा कि इस कॉम्प्लेक्स के शुरू होने के बाद अलीगढ़ और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को अब दिल्ली, नोएडा या लखनऊ जैसे शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस परियोजना से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा और आने वाले वर्षों में अलीगढ़ उत्तर प्रदेश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल हो सकेगा।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.