सुल्तानपुर में शिक्षक नेता और पत्नी की हत्या, स्कूल परिसर में खून से लथपथ मिले शव

सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में मंगलवार सुबह डबल मर्डर की सूचना से सनसनी फैल गई। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुमही डंडिया गांव में प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष और उनकी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। दोनों अपने पैतृक आवास में बने निजी स्कूल परिसर में सो रहे थे। सुबह कमरे में दोनों के खून से लथपथ शव मिले।

मृतक की पहचान मुकेश सिंह के रूप में हुई है। वह कंपोजिट विद्यालय खनुहट में प्रधानाध्यापक और मोतिगरपुर ब्लॉक प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष थे। उनकी पत्नी विनीता सिंह निजी स्कूल का संचालन करती थीं। प्रथम दृष्टया पुलिस को धारदार हथियार से हमला किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। घटनास्थल से कुल्हाड़ी समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।

सोते समय हमले की आशंका

बताया जा रहा है कि मंगलवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने सो रहे दंपती पर धारदार हथियारों से हमला किया। हमला इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।

दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही कादीपुर सीओ विनय गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

2009 में बने थे सहायक अध्यापक

मुकेश सिंह वर्ष 2009 में सहायक अध्यापक बने थे। इससे पहले वह शिक्षामित्र के रूप में कार्य कर चुके थे। बताया जाता है कि वर्ष 2013 से वह लगातार मोतिगरपुर में शिक्षक संघ के अध्यक्ष रहे। वर्ष 2002 में उन्होंने गांव में मनराजी शिक्षण संस्थान की स्थापना की थी, जहां वह पत्नी के साथ रहते थे।

विनीता सिंह जिला पंचायत चुनाव भी लड़ चुकी थीं और वर्तमान में अपना इंटर कॉलेज संचालित कर रही थीं। दंपती का 20 वर्षीय बेटा दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा है। मुकेश सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई अवधेश सिंह गाजीपुर के पीजी कॉलेज में शिक्षक हैं, जबकि दूसरे भाई अखिलेश सिंह लखनऊ के कोऑपरेटिव बैंक में कार्यरत हैं।

एसओजी और सर्विलांस टीम जांच में जुटी

एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट, एसओजी और सर्विलांस प्रभारी को बुलाया गया है। हत्याकांड के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों तथा आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.