Ballia News: महिला को बातों में उलझाकर सोने के गहने और नकदी ले उड़े उचक्के, CCTV में कैद हुई वारदात

बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र में दो अज्ञात युवकों ने एक महिला को बातों में उलझाकर उसके सोने के गहने और नकदी कथित रूप से लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी की मांग की है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है।

फेफना थाना क्षेत्र के नसीराबाद निवासी फूलवती देवी पत्नी स्व. शिवपूजन पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक अगस्त को दोपहर करीब दो बजे वह जिला चिकित्सालय में शुगर की जांच कराने के बाद घर लौट रही थीं। ओवरब्रिज के नीचे से चित्तू पांडेय चौराहे की तरफ जाते समय दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत करते हुए साथ चलने लगे।

यह भी पढ़े - भूसा वितरण के दौरान मारपीट का आरोप, चार के खिलाफ मुकदमा

आरोप है कि राजपूत फिजियोथेरेपी के पास दोनों युवकों ने महिला को अपनी बातों में उलझा लिया। इसके बाद उनके कान में पहने सोने के टप्स, गले का सोने का लॉकेट और पर्स में रखे 3,100 रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

पीड़िता के मुताबिक, गहनों और नकदी समेत करीब 50 हजार रुपये का सामान गया है। घटना की जानकारी उन्होंने तत्काल ओक्डेनगंज पुलिस चौकी को दी। इसके बाद परिजनों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाकर पुलिस को उपलब्ध कराई।

रविवार को फूलवती देवी अपने पुत्र के साथ शहर कोतवाली पहुंचीं और तहरीर देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, उनकी गिरफ्तारी तथा गहने और नकदी बरामद करने की मांग की। पुलिस उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.