Shahjahanpur News: अमित हत्याकांड का खुलासा, पत्नी से अवैध संबंध के शक में साले ने की थी हत्या, दोनों भाई गिरफ्तार

शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अमित हत्याकांड का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में मृतक के फुफेरे साले अभिषेक और उसके भाई अमन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए तमंचे, खोखा, दो मोबाइल फोन और बाइक भी बरामद कर ली है।

पूछताछ में मुख्य आरोपी अभिषेक ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसे शक था कि अमित का उसकी पत्नी से अवैध संबंध था। वह उसके घर आता-जाता था और दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी होती थी। अभिषेक का आरोप है कि अमित उसकी पत्नी को तलाक देने के लिए उकसा रहा था। इसी वजह से उसने अपने भाई अमन और रिश्तेदार माइकल (निवासी हरदोई) के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

यह भी पढ़े - शाहजहांपुर : पत्नी की फावड़े से गला काटकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के गांव सिसोरा निवासी 32 वर्षीय अमित कुमार, निगोही के गांव जेवा मुकुरंदपुर स्थित अपनी ससुराल में एक शादी समारोह में भाग लेने आया था। वह अपने बेटे केशव के साथ शुक्रवार शाम को ससुराल पहुंचा था। वहां शादी की तैयारियां चल रही थीं।

इसी दौरान आरोपी अभिषेक और अमन ने उसे शराब पिलाने के बहाने घर से बुलाया और गांव के बाहर ले जाकर गोली मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के चाचा सरोज कुमार ने अभिषेक और अमन के खिलाफ निगोही थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने सोमवार सुबह निगोही-खुदागंज मार्ग पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस का खोखा, दो मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है।

पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, निगोही थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, एसएसआई रामायण सिंह और उप निरीक्षक पंकज समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.