Entertainment News : एक जानलेवा गलती के बाद डॉ. देव ने फिर शुरू की मेडिकल पढ़ाई, सोनी सब के ‘यादें’ में आएगा बड़ा मोड़

मुंबई : सोनी सब का शो ‘यादें’ दर्शकों के दिलों को लगातार छू रहा है। डॉ. देव मेहता (इक़बाल खान) की भावनाओं से भरी कहानी में प्यार, खोना और फिर से संभलने की यात्रा दिखाई जा रही है।

आठ साल की यादें खोने के बाद डॉ. देव न सिर्फ अपने बिखरे हुए अतीत से जूझ रहे हैं, बल्कि उस पेशे की चुनौतियों से भी, जिसे उन्होंने कभी बखूबी निभाया था, लेकिन अब उसमें पिछड़ रहे हैं।

यह भी पढ़े - ‘यादें’ में डॉ. देव ने मरीज की आखिरी इच्छा की पूरी, बिछड़े बेटे से कराया मिलन

आने वाले एपिसोड्स में दर्शक देखेंगे कि डॉ. वाणी (सृष्टि सिंह) के भाई राजीव (मीत सहवानी) की हालत तब बिगड़ जाती है, जब डॉ. देव अनजाने में मल्टीपल स्क्लेरोसिस के लिए एक बैन की गई दवा दे देते हैं।

जानकारी की कमी और खोई हुई यादों की वजह से हुई इस गलती से राजीव की जान पर बन आती है। डॉ. वाणी इस घटना से बेहद आहत होती हैं, लेकिन समय रहते डॉ. देव एक अहम सुराग ढूंढ लेते हैं और राजीव की जान बचा लेते हैं।

इस घटना से हिल चुके डॉ. देव यह तय करते हैं कि उन्हें अपनी मेडिकल नॉलेज अपडेट करनी होगी और वे एक परीक्षा की तैयारी शुरू करते हैं। यही उनके आत्मविश्वास को फिर से पाने की यात्रा की शुरुआत बनती है।

अब सवाल यह है कि क्या वह अपना आत्मविश्वास वापस पा सकेंगे और फिर से वही डॉक्टर बन पाएंगे, जो कभी थे?

आगामी ट्रैक पर बात करते हुए इक़बाल खान ने कहा, “कभी-कभी जिंदगी दूसरा मौका देती है, लेकिन यह भी देखती है कि क्या आप अपनी गलतियों की जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हैं। डॉ. देव के लिए यह बेहद अहम मोड़ है, क्योंकि उन्हें एहसास होता है कि सिर्फ अच्छे इरादे काफी नहीं होते, डॉक्टर को हमेशा अपडेटेड और जागरूक रहना पड़ता है।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे इस ट्रैक की सबसे अच्छी बात यही लगती है कि टूटने के बजाय वह खुद को फिर से बनाने का फैसला करते हैं। पीछे हटकर दोबारा पढ़ाई शुरू करना आसान नहीं है, लेकिन यही उनकी जर्नी को असली बनाता है। यह अपनी कमियों को स्वीकार करने और आगे बढ़ने का साहस दिखाने की कहानी है।”

देखिए ‘यादें’, हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे, सिर्फ सोनी सब पर।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.